हैदराबाद में होगी 51वीं राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता

नफे सिंह राठी
बहादुरगढ़। भारतीय शैली कुश्ती महासंघ द्वारा हैदराबाद में 5 से 8 जनवरी तक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने बताया कि द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता स्वर्गीय गुरु रोशनलाल तथा भारतीय कुश्ती संघ तेलंगाना के पूर्व अध्यक्ष स्व. विजय कुमार यादव की याद में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में देशभर के नामी पहलवान हिस्सा लेकर अपना दम दिखाएंगे। इस प्रतियोगिता में हिंद-केसरी (महिला-पुरुष) के अलावा विभिन्न भारवर्ग की कुश्तियां होंगी।
संघ के अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने बताया कि पुरुष वर्ग में कुल 9 भारवर्ग की कुश्तियां होंगी। जिसमें 55, 60, 65, 70, 75, 80, 85 व 90 किलोग्राम तथा पुरुष हिंद-केसरी टाइटल के मुकाबले होंगे। वहीं महिला वर्ग में 48, 52, 56, 62 व 68 किलोग्राम भारवर्ग तथा महिला हिंद-केसरी टाइटल के मुकाबले होंगे। इसके अलावा पुरुष हिंद केसरी टाइटल वेट के लिए 85 से 140 किलोग्राम भारवर्ग का मुकाबला होगा। इसी प्रकार महिला हिंद केसरी भारवर्ग में भी 65 से 90 किलोग्राम का मुकाबला होगा। यह प्रतियोगिता वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ इंडियन स्टाइल रेसलिंग के तहत व यूडब्ल्यूडब्ल्यू की गाइडलाइंस के अनुसार होगी। हिंद केसरी मुकाबले में पहले स्थान पर आने वाले विजेता पहलवान को 3 लाख रुपए, दूसरे स्थान पर आने वाले पहलवान को 2 लाख, तीसरे स्थान पर आने वाले पहलवान को 1 लाख व चौथे स्थान पर आने वाले पहलवान को 75 हजार रुपए की राशि इनाम स्वरूप दी जाएगी।
वहीं महिलाओं के हिंद केसरी मुकाबले में पहला इनाम 1 लाख, दूसरा 51 हजार रुपए, तीसरा 35 हजार रुपए व चौथा इनाम 25 हजार रुपए दिया जाएगा। पुरुषों के सभी भार वर्ग में पहला इनाम 31 हजार रुपए, दूसरा इनाम 25 हजार रुपए व तीसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 15 हजार रुपए की इनामी राशि दी जाएगी। वहीं महिलाओं के सभी भार वर्ग में पहला इनाम 25 हजार रुपए, दूसरा 15 हजार रुपए व तीसरा इनाम 10 हजार रुपए दिया जाएगा। वहीं पुरुष टीम चैंपियनशिप में पहला इनाम 10 हजार रुपए, दूसरा 7 हजार रुपए व तीसरा 5 हजार रुपए दिया जाएगा। महिलाओं की टीम चैंपियनशिप में पहला 7 हजार रुपए, दूसरा 5 हजार रुपए व तीसरा 3 हजार रुपए दिया जाएगा।
© Copyrights 2021. All rights reserved.
Powered By Hocalwire