Kapil Sharma: बंद होने जा रहा 'द कपिल शर्मा शो', जानें इस बार कॉमेडियन टीवी से क्यों होने वाले हैं गायब

द कपिल शर्मा शो।
The Kapil Sharma Show: मनोरंजन के लिए हर किसी की पहली पसंद द कपिल शर्मा शो है। कॉमेडियन कपिल शर्मा बीते 10 सालों से लोगों को हंसाने का काम इस शो के जरिए कर रहे हैं। बॉलीवुड सेलेब्स भी फिल्म के प्रमोशन के लिए कपिल के शो में जाने का इंतजार करते हैं। इन दिनों शो का अपकमिंग एपिसोड चर्चा में है। इसमें सलमान खान मस्ती भरे अंदाज में किसी का भाई किसी की जान की पूरी स्टारकास्ट के साथ नजर आएंगे। शो का नया सीजन पिछले साल सितंबर महीने में शुरू हुआ था, जिसे दर्शक काफी ज्यादा पसंद भी कर रहे हैं। टीआरपी की लिस्ट में भी कपिल का शो हमेशा आगे रहता है। इस बीच चर्चा है कि बेहद जल्द कपिल शर्मा का कॉमेडी शो बंद होने वाला है। जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा है। इससे पहले भी कई बार सभी का पसंदीदा कॉमेडी शो बंद हो चुका है।
टेली चक्कर की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि द कपिल शर्मा शो बेहद जल्द बंद होने वाला है। फिलहाल शो के बंद होने की कोई वजह सामने नहीं आई है। लेकिन, ऐसा कहा जा रहा है कि शो इस साल जून महीने में बंद हो जाएगा। इस खबर के सामने आने के बाद शो के फैंस तो हैरान भी हो गए हैं। हर किसी के मन में सवाल आ रहा है कि इसके पीछे आखिर कारण क्या है। बता दें कि कपिल शर्मा इन दिनों बतौर एक्टर खुद को स्थापित करने की कोशिश में भी लगे हुए हैं। हाल ही में नंदिता दास की निर्देशित ज्विगाटो फिल्म में उन्हें देखा गया था। कपिल ने शो का नया सीजन शुरू करने से पहले भी कुछ समय का ब्रेक लिया था। इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्म ज्विगाटो की शूटिंग की थी। खैर, हैरानी की बात प्रशंसकों के लिए यह है कि लेटेस्ट सीजन को लोगों का भरपूर प्यार मिल रहा है और टीआरपी चार्ट में भी यह बाकी शोज से आगे है। ऐसे में फिर क्यों शो को बंद किया जाएगा।
बंद हुआ था कॉमेडी नाइट्स विद कपिल
कपिल शर्मा कलर्स चैनल पर साल 2013 में अपना बिल्कुल एक नया कॉमेडी कॉन्सेपट लेकर आए थे। उनके पहले शो का नाम कॉमेडी नाइट्स विद कपिल था। इसे लोगों ने बेहद पसंद किया। शो में गुत्थी, दादी और पलक जैसे किरदारों की चर्चा लोगों के घरों में भी होने लगी थी। साल 2016 में यह शो बंद हो गया था। इसके बंद होने की वजह को लेकर बताया जाता है कि चैनल और सुनील ग्रोवर के साथ चल रहे विवाद को लेकर इस शो को बंद किया गया था।
द कपिल शर्मा लेकर लौटे थे कपिल
कपिल के कॉमेडी शो को लोगों का बेशुमार प्यार मिला था। ऐेसे में उन्होंने सोनी चैनल के साथ अपने नए शो की शुरुआत साल 2016 में ही की। इसका फॉर्मेट भी पुराने शो जैसा ही था, लेकिन इस बार नाम थोड़ा अलग रखा गया था। द कपिल शर्मा शो को पुराने की तुलना में लोगों का कम प्यार मिला। एक साल के अंदर ही यह शो टीआरपी की वजह से बंद हो गया। हाल ही में कपिल ने खुलासा किया था कि इस दौरान उन्हें डिप्रेशन का सामना भी करना पड़ा था।
साल 2018 में सलमान के साथ मिलाया हाथ
कपिल ने साल 2018 में एक बार फिर वापसी की। इस बार उनकी मदद पॉपुलर एक्टर सलमान खान ने की और शो के निर्माता बन गए। इसके बाद अब तक शो कई बार बंद होकर नए सीजन के साथ वापस लौट चुका है। कपिल के बारे में भी बता दें कि वो अब रिया कपूर की फिल्म द क्रू में नजर आने वाले है। इससे पहले आखिरी बार उन्हें ज्विगाटो में देखा गया था, जो थिएटर्स में फ्लॉप साबित हुई है।
© Copyrights 2023. All rights reserved.
Powered By Hocalwire