Khelo India Youth Games
हरियाणा में पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल परिसर में 4 जून,2022 से शुरू हुआ खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 अब अपने चरम पर पहुंच चुका है और 13 जून को इन खेलों का भव्य रूप से समापन होगा। पंचकूला के इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम में 13 जून की सांय पांच बजे से खेलो इंडिया यूथ गेम्स के समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि होंगे जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि होंगे।
हरियाणा के अब तक सर्वाधिक 111 पदक
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा के अब तक सर्वाधिक 111 पदक हैं जिसमें 37 गोल्ड, 34 सिल्वर और 40 कांस्य पदक हैं। हालांकि आज शाम पांच बजे तक महाराष्ट्र 38 गोल्ड लेकर हरियाणा से ऊपर चला गया है लेकिन कुल पदकों में वह हरियाणा से पीछे चल रहा है जिसके कुल 102 मेडल है। तीरंदाजी की बात की जाए तो तीरंदाजी में हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक गोल्ड व एक सिल्वर मेडल लिया है। एथलेटिक्स में हरियाणा ने तीन गोल्ड, 6 सिल्वर और पांच कांस्य पदक हासिल किये हैं जबकि बैडमिंटन में एक गोल्ड और एक कांस्य पदक हरियाणा के खिलाड़ियों को मिला है। इसी प्रकार, साइकिलिंग में दो गोल्ड और 6 कांस्य पदक हरियाणा के खिलाड़ियों को मिले हैं तथा फुटबॉल में हरियाणा को एक कांस्य पदक प्राप्त हुआ है।
अगर गतका की बात करें तो गतका में एक गोल्ड तथा 3 सिल्वर पदक हरियाणा को मिले हैं। जिमनास्टिक में एक कांस्य पदक हरियाणा को मिला है। वहीं, हॉकी में एक गोल्ड हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी झोली में डाला है। अगर हम जूडो की बात करें तो जूडो में हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक गोल्ड, 3 सिल्वर और दो कांस्य पदक हासिल किए है जबकि कबड्डी में एक गोल्ड और एक सिल्वर पदक हासिल किया है। इसी प्रकार, शूटिंग में तीन गोल्ड, दो रजत पदक तथा दो कांस्य पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं।
इसी तरह, तैराकी में हरियाणा ने 2 गोल्ड एवं 2 सिल्वर पदक हासिल किए हैं जबकि टेबल टेनिस में 1 सिल्वर पदक हरियाणा की झोली में आया है। टेनिस में भी हरियाणा ने कांस्य पदक हासिल किया है। थांग ता में एक सिल्वर तथा तीन कांस्य पदक हरियाणा को मिले हैं जबकि वॉलीबॉल में 2 सिल्वर पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपने कब्जे में किए हैं। वेटलिफ्टिंग में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और एक कांस्य पदक हासिल किया है जबकि कुश्ती में खिलाड़ियों ने अब तक सर्वाधिक 16 गोल्ड, 10 रजत और 12 कांस्य पदक हरियाणा को दिलाए हैं। ऐसे ही, योगासन में हरियाणा को एक गोल्ड और 5 कांस्य पदक मिले हैं।
© Copyrights 2021. All rights reserved.
Powered By Hocalwire