March 20, 2023

रायपुर की बहू बनेंगी 'चक दे इंडिया' फेम कोमल चौटाला : एक्टर ध्रुवादित्य के साथ बिलासपुर में होगी शादी, कैसे दोनों एक-दूसरे के करीब आए पढ़िए…

wp-header-logo-60.png

रायपुर। फिल्म ‘चक दे इंडिया’ की अभिनेत्री चित्राशी रावत छत्तीसगढ़ की बहू बनने वाली है। एक्ट्रेस लंबे समय से ब्वॉयफ्रेंड रहे राजधानी रायपुर के अभिनेता ध्रुवादित्य भगवानानी के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। बता दें कि कपल फिल्म प्रेममयी के सेट पर मिले थे, जिसमें ध्रुवादित्य ने चित्राशी के प्रेमी का किरदार निभाया था। इस फिल्म से ही दोनों एक-दूसरे के करीब आए। शादी 4 फरवरी को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में होगी।

उल्लेखनीय है कि चित्राशी और ध्रुवादित्य करीब 11 साल तक रिलेशनशिप में रहे। ध्रुवादित्य भगवानानी रायपुर के रहने वाले हैं और फिल्म उद्योग में एक अभिनेता और लेखक हैं, जो मुंबई में रहते हैं। दोनों पहली बार प्रेममयी के सेट में एक-दूसरे से मिले थे। इसमें उन्होंने प्रेमी-प्रेमिका की भूमिका निभाई थी। शूटिंग के दौरान ही उनके बीच दोस्ती हुई और उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई।
ध्रुवादित्य ने रेडियो जॉकी के रूप में शुरू किया अपना करियर

ध्रुवादित्य ने रेडियो मिर्ची के साथ एक रेडियो जॉकी के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद मुंबई में सेट हो गए। उन्होंने वेब सीरीज के साथ ही कई फिल्मों में काम किया। वर्तमान में एक अभिनेता और लेखक के रूप में प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।
कल होगी शादी
होटल ईस्ट पार्क के ओनर रितुराज वाजपेयी ने बताया कि ध्रुवादित्य उनके दोस्त हैं। इसलिए उन्होंने शादी के लिए बिलासपुर में उनके होटल का चयन किया है। रितुराज ने बताया कि 11 साल के रिश्ते के बाद बहुत प्यार करने वाला जोड़ा आखिरकार अपने रिश्ते को अगले स्तर पर ले जा रहा है। ध्रुवादित्य और चित्राशी शुक्रवार को बिलासपुर पहुंच जाएंगे। उनके साथ परिवार वाले और दोस्त भी आएंगे। शुक्रवार को पहले हल्दी, मेहंदी और कॉकटेल समारोह होगा। फिर शनिवार दोपहर शादी होगी। होटल में वैवाहिक आयोजन की तैयारी चल रही है। इस जोड़े ने करीब डेढ़ महीने पहले शादी की तारीख तय की थी और तब से तैयारी में व्यस्त हैं। ऐसे में मुंबई में अपने दोस्तों के लिए रिसेप्शन पार्टी का भी इंतजाम किया गया है। इस आयोजन में चक दे इंडिया टीम के लोग भी शामिल होंगे।
‘चक दे इंडिया’ में कोमल चौटाला का किरदार निभाई थी चित्राशी

बता दें कि 2007 में आई सुपरहिट फिल्म ‘चक दे इंडिया’ तो आपको याद होगी। फिल्म में शाहरुख खान हॉकी के कोच बने थे। उनकी सबसे कम उम्र की नटखट स्टूडेंट थीं कोमल चौटाला। फिल्म में एक्ट्रेस चित्राशी रावत ने कोमल चौटाला का किरदार बेहतरीन तरीके से निभाकर सुर्खियां बटोरी थीं। ‘चक दे इंडिया’ के बाद वे ‘लक’ (2009), ‘ये दूरियां’ (2011), तेरे नाल लव हो गया (2012) और ‘ब्लैक होम’ (2015) जैसी फिल्मों में दिखाई दीं। 18 साल की उम्र में चित्राशी ने कोमल चौटाला का रोल प्ले किया था।

© Copyrights 2023. All rights reserved.
Powered By Hocalwire

source