March 27, 2023

Holi 2023: इन घरेलू चीजों के साथ बनाएं किफायती Herbal Colors, यहां देखें बेहतरीन और आसान टिप्स

wp-header-logo-1.png

हर्बल कलर्स बनाने के लिए आसान टिप्स।

Know How To Make Herbal Color for Holi: जैसा कि हम सभी जानते हैं, होली रंगों और खुशियों का त्योहार होता है। होली में अगर रंग न हो तो इस त्योहार की पूरी वाइब ही बिगड़ जाती है। ऐसे में ज्यादातर लोग बाजारों में मिलने वाले सस्ते सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आपको पता होना चाहिए कि इन आर्टिफिशियल रंगों से स्किन और बालों पर कई तरह के साइड इफेक्ट देखने को मिलते हैं। ऐसे में अगर आप इन केमिकल वाले रंगों से होली नहीं खेलना चाहते हैं, तो कुछ नेचुरल चीजों का इस्तेमाल करके आप घर पर ही हर्बल कलर बना सकते हैं। बता दें कि हर्बल कलर लगाने से स्किन और बालों पर कोई नुकसान नहीं होता है, लेकिन बाजारों में इस तरह के हर्बल और ऑर्गेनिक रंग बहुत महंगे मिलते हैं। इसलिए आप घर पर बने किफायती और विश्वसनीय हर्बल कलर से रंगों के त्योहार होली को सेलिब्रेट कर सकते हैं।
जानते हैं कैसे बनाएं हर्बल लाल और जामुनी रंग
नेचुरल तरीके से लाल रंग को बनाने के लिए आपको चुकंदर को काट कर सुखाने के बाद उसे मिक्सर की मदद से पीसना है। इसके बाद इसमें अरारोट पाउडर, मैदा या चावल का आटा मिलाकर लाल रंग बना सकते हैं। इसके अलावा गुलाब की पंखुड़ियों से लाल रंग बनाने के लिए आप रोज पेट्ल्स को सुखाकर उन्हें पीस लें। अब इसमें चंदन पाउडर और चावल का आटा मिलाकर लाल रंग बना लें। वहीं, हर्बल बैंगनी रंग बनाने के लिए आप चकुंदर को पीसकर छानें। अब इसे पानी में डालकर छोड़ दें, कुछ देर बाद इसका कलर बैंगनी हो जाएगा।
कैसे बनाएं हर्बल ग्रीन कलर
होली के त्योहार में सबसे ज्यादा हरा रंग इस्तेमाल होता है। इसे घर पर बनाने के लिए आप पालक या मेथी के पत्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं। हरा रंग बनाने के लिए सबसे पहले पालक या मेथी को उबालकर अच्छी तरह पीसें। इससे गीला रंग तैयार हो जाएगा। वहीं, सूखा हरा रंग बनाने के लिए पालक या मेथी को धूप में सुखाने के बाद पीसें। अब इस पाउडर में अरारोट या चावल का आटा मिलाएं और हरा रंग तैयार है।
कैसे बनाएं हर्बल केसरिया रंग
होली के त्योहार पर केसरिया रंग बनाने के लिए आपको पलाश या टेशू के फूलों को धूप में सुखाने के बाद उन्हें पीसना है। अब इसमें अरारोट या चिकना आटा मिलाकर केसरिया रंग बनाएं। इसके अलावा आप केसर को पीसकर पानी में मिलाने से भी केसरिया रंग तैयार कर सकते हैं।
कैसे बनाएं हर्बल पीला और नीला रंग
हल्दी की मदद से आप हर्बल पीला कलर बना सकते हैं। इस प्रक्रिया के लिए आपको हल्दी में बेसन या चंदन पाउडर मिलाकर पीला कलर बनाना है। वहीं, गेंदे के फूलों को उबालकर पीसने से आपको पीला और नारंगी रंग मिल जाएगा। साथ ही, नीला हर्बल रंग बनाने के लिए आपको जकरांदा के फूलों को सुखाकर पीसना होगा। इसके अलावा जकरांदा के फूलों को उबालकर पेस्ट बनाने से भी आप गीला नीला कलर बना सकते हैं।
© Copyrights 2023. All rights reserved.
Powered By Hocalwire

source